2047 तक शीर्ष 5 देशों में शामिल होने का लक्ष्य : सोनोवाल

नई दिल्ली : केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने नई दिल्ली में आयोजित भारत जहाज निर्माण निवेश सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब दुनिया के लिए जहाज निर्माण करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस सम्मेलन में भारत के जहाज निर्माण क्षेत्र में 10 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश के अवसरों को तलाशने के लिए दुनिया भर के प्रमुख जहाज निर्माता, नौवहन कंपनियां और निवेशक एक मंच पर एकत्रित हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत जहाज निर्माण को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की यात्रा का एक प्रमुख स्तंभ बना रहा है, जिसके तहत मजबूत नीतिगत समर्थन, दीर्घकालिक वित्तपोषण, सुनिश्चित मांग और वैश्विक साझेदारी के माध्यम से एक सशक्त परिवेश तैयार किया जा रहा है। सोनोवाल ने बताया कि सरकार आंध्र प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और तमिलनाडु में पांच नए हरित क्षेत्र जहाज निर्माण संकुल विकसित कर रही है, जो तैयार भूमि, आधुनिक बुनियादी ढांचे, केंद्र-राज्य समन्वय और निवेशक-अनुकूल नीतियों के साथ विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, रोजगार और निर्यात के नए द्वार खोलेंगे। इस सम्मेलन में 30 अंतरराष्ट्रीय पोत कारखानों के साथ-साथ एचडी केएसओई, सैमसंग हैवी इंडस्ट्रीज, हनवा ओशन, फिनकैंटिएरी, डेमेन, मर्स्क, एमएससी और सीएमए सीजीएम जैसी वैश्विक समुद्री कंपनियों व दक्षिण कोरिया के एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी ने भारत की क्षमताओं के प्रति बढ़ते वैश्विक भरोसे को दर्शाया। केंद्रीय मंत्री ने उल्लेख किया कि जहाज निर्माण को गति देने के लिए 8 अरब अमेरिकी डॉलर के ऐतिहासिक समुद्री पैकेज की घोषणा की गई है और देश में 400 से अधिक जहाजों की चिह्नित घरेलू मांग है, जो लगभग 24 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश का अवसर प्रदान करती है। इसके अतिरिक्त, 1.7 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के 150 से अधिक जहाज सक्रिय कार्यादेश कतार में हैं, जिनमें निर्यात आदेशों की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारत को दुनिया के शीर्ष 10 और 2047 तक शीर्ष 5 जहाज निर्माण देशों में शामिल करना है, जिससे भारतीय उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे तथा वैश्विक समुद्री व्यापार में भारत एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभरेगा।
 
Top