news radar
New member
नई दिल्ली : असम के सांसद गौरव गोगोई ने आंध्र प्रदेश में ट्रेन यात्रा के दौरान लापता हुई युवती हिमाश्री बोरो की मौत के मामले में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। गोगोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि हिमाश्री 6 अक्टूबर को विशाखापत्तनम से गुवाहाटी के लिए विवेक एक्सप्रेस (22503) में अकेली यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान वह अचानक लापता हो गईं और अगले दिन उनका शव रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद हुआ। परिजनों और मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए सांसद ने बताया कि हिमाश्री ने अपने डिब्बे में मौजूद कुछ पुरुष यात्रियों के उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के कारण असुरक्षित महसूस करने की बात कही थी। पुलिस जहां युवती के चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जता रही है, वहीं परिजनों ने इसके पीछे किसी साजिश की आशंका जाहिर की है। गोगोई ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं और रेल मंत्री से कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया है। युवती का पोस्टमार्टम संपन्न हो चुका है और शव को असम लाने की तैयारी की जा रही है, जबकि मामले की पुलिस जांच फिलहाल जारी है।