राज्य में खुलेंगे 5 नए अस्पताल

news radar

New member
असम, गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने जानकारी दी है कि असम कैंसर केयर फाउंडेशन (एसीसीएफ) ने राज्य स्थित अपने 12 विशेष अस्पतालों के नेटवर्क के माध्यम से पिछले चार वर्षों में अब तक लगभग 15 लाख मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की हैं। इन सेवाओं में डॉक्टरों का परामर्श, नैदानिक जांच, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी और कैंसर की सर्जरी जैसी सुविधाएं शामिल हैं। गुरुवार रात एसीसीएफ बोर्ड और वार्षिक आम बैठक की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विस्तृत नेटवर्क के कारण अब राज्य के कैंसर मरीजों को इलाज के लिए असम से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।


कैंसर देखभाल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए असम सरकार इस नेटवर्क में 5 नए अस्पताल जोड़ने की योजना पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को धुबरी, नलबाड़ी, नगांव, शिवसागर और गोलपारा में प्रस्तावित नए अस्पतालों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि असम कैंसर केयर फाउंडेशन, असम सरकार और टाटा ट्रस्ट की एक संयुक्त पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य में कैंसर के इलाज को हर नागरिक के लिए सुलभ, सस्ता और आधुनिक बनाना है।
 
Top