ओमान के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल हुए सोनोवाल पांच हजार साल पुराने समुद्री संबंधों का किया जिक्र

नई दिल्ली : केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने ओमान सल्तनत के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पर सम्मान और प्रसन्नता व्यक्त की है। इस अवसर पर उन्होंने दोनों देशों के बीच सदियों से चले आ रहे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को याद करते हुए कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। सोनोवाल ने कहा कि भारत और ओमान के बीच लगभग पांच हजार वर्षों के समुद्री आदान-प्रदान और गहरे जन-संपर्कों पर आधारित मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक साझेदारी आज एक नए और उत्साहजनक अध्याय में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्रीय शांति और समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देने में ओमान की रचनात्मक भूमिका की गहराई से सराहना करता है। साथ ही संकट में फंसे भारतीय नाविकों को ओमान द्वारा दी जाने वाली मदद और सहयोग के लिए भी उन्होंने आभार व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री ने आशा जताई कि आने वाले समय में भारत और ओमान के संबंध निरंतर और अधिक मजबूत व समृद्ध होते रहेंगे।
 
Top